मानसून सत्र 2026: NEET और राम मंदिर दान गबन मामले पर हंगामे के बीच लोकसभा दोपहर 12 बजे तक स्थगित

मानसून सत्र 2026 | Picture credit: ANI

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन सोमवार को लोकसभा में जोरदार हंगामा देखने को मिला। NEET-UG 2026 विवाद और राम मंदिर दान गबन मामले पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके चलते लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की बार-बार की गई अपील भी बेअसर रही। लगातार व्यवधान के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों के सदस्य अपनी सीटों से उठकर वेल में पहुंच गए और NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं तथा राम मंदिर दान गबन प्रकरण पर तत्काल चर्चा की मांग करने लगे। विपक्ष का कहना था कि दोनों मुद्दे राष्ट्रीय महत्व के हैं और सरकार को सदन में जवाब देना चाहिए।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कई बार सांसदों से अपनी-अपनी सीटों पर लौटने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील की, लेकिन विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते रहे। हंगामा थमता न देख अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

संसद सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस ने संकेत दे दिए थे कि वह NEET-UG 2026 परीक्षा विवाद और राम मंदिर दान गबन मामले को प्रमुखता से उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *