बाजपुर के सुल्तानपुर पट्टी में खाद्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में नकली मावा, मिलावटी मिठाइयां और अस्वच्छ तरीके से रखे रसगुल्ले मिले। टीम ने बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री नष्ट कराई और जुर्माने की कार्रवाई की।

बाजपुर। रक्षाबंधन से पहले मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच उत्तराखंड के बाजपुर में प्रशासन और खाद्य विभाग ने मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान टीम को नकली मावे से लेकर कीड़े-मकौड़ों से दूषित खोया और अस्वच्छ तरीके से रखे रसगुल्ले मिले। जांच के बाद कई खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
कार्रवाई उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने की। अधिकारियों के मुताबिक अभियान मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश के तहत चलाया जा रहा है।
50 किलो खराब खोया-छैना से बनी मिठाई नष्ट
टीम ने सबसे पहले उत्तराखंड स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां करीब 50 किलो खोया और छैना से बनी मिठाइयां मिलीं, जिनमें कीड़े और अन्य कीट पाए गए। खाद्य पदार्थों की स्थिति को देखते हुए उन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
खोये के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। दुकान में मिली गंदगी को लेकर चालान की कार्रवाई भी की गई।
मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार हो रहा था मावा
इसके बाद टीम कुलदीप गुप्ता स्वीट्स पहुंची। यहां मिल्क पाउडर और रिफाइंड का इस्तेमाल कर मावा तैयार किए जाने का मामला सामने आया। पूछताछ में दुकान संचालक ने भी इस तरीके से मावा तैयार करने की बात स्वीकार की।
जांच के दौरान करीब 80 किलो मिलावटी खोया, 40 किलो मिलावटी बर्फी और लगभग डेढ़ कुंतल मिलावटी केक-लौज बरामद किया गया। संचालक की सहमति के बाद सैंपल लिए गए और खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया।
मामले में एक लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग की ओर से नमूनों और अन्य अनियमितताओं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गंदे टीनों में रखे थे रसगुल्ले
अवैध रूप से मिठाई बनाने की सूचना पर टीम ने एक निर्माण स्थल पर भी जांच की। यहां रसगुल्ले गंदे टीनों में रखे मिले। अधिकारियों के मुताबिक, इन टीनों में कीड़े, पतंगे और मक्खियां मौजूद थीं।
मौके से मिल्क पाउडर, रिफाइंड और मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी मिली। शुरुआती जांच में रसगुल्ले मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार किए जाने की संभावना जताई गई है।
अधिकारियों ने अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार खाद्य पदार्थों को स्वास्थ्य के लिए खतरनाक बताते हुए उन्हें नष्ट करा दिया।
रक्षाबंधन तक जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम बाजार में मिठाई की दुकानों और निर्माण स्थलों की जांच करेगी।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बाजपुर प्रताप सिंह चौहान, राजस्व निरीक्षक कृपाल राठौर, राजस्व उपनिरीक्षक आकाश सैनी समेत राजस्व और खाद्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read: यूपी में आज बारिश का अलर्ट, लखनऊ समेत कई जिलों में गरज-चमक के आसार

















