दिल्ली से महोबा जा रही थी बस; जेवर के पास हादसे में कई यात्री घायल, पुलिस ने शुरू की जांच

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक निजी स्लीपर बस में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से महोबा जा रही बस आग की चपेट में आ गई, जिसमें 9 यात्रियों की मौत हो गई। कई अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसा जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर दयानतपुर गांव के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस में करीब 30-35 यात्री सवार थे। आग तेजी से फैलने के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई।
बताया गया है कि आग लगने के बाद कई यात्री बस के अंदर फंस गए। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घायल यात्रियों को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग कैसे लगी, जांच जारी
हादसे के कारणों का अभी आधिकारिक रूप से पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस की तकनीकी जांच के साथ ही यात्रियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आग लगने से पहले बस में किसी तरह की तकनीकी समस्या सामने आई थी या नहीं।
एक पुलिस शिकायत के अनुसार, कुछ यात्रियों ने बस में जलने जैसी गंध महसूस होने और चालक-परिचालक को इसकी जानकारी देने की बात कही है। इन आरोपों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाने का काम जारी है। पुलिस आग लगने की वास्तविक वजह और घटना में किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसकी जांच कर रही है।
Also read: महोबा में 60 रुपये को लेकर मां की हत्या














