कैसरबाग के सिटी होटल के ऊपर कैफे टेल्स में चल रही थी हुक्का सर्विस; पुलिस ने हुक्के, चिलम और फ्लेवर पैकेट किए बरामद

लखनऊ: कैसरबाग पुलिस ने अवैध हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिटी होटल के ऊपर स्थित कैफे टेल्स में छापा मारा। पुलिस के मुताबिक, कैफे में हुक्का परोसे जाने की सूचना पर सोमवार देर रात कार्रवाई की गई। मौके से 42 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि हुक्का संचालन से जुड़े कुछ लोग पुलिस के पहुंचने के दौरान फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कैफे में कई टेबलों पर हुक्का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। तलाशी में 14 हुक्के, 6 भरी चिलम, 20 खाली चिलम, 10 पाइप और 11 फ्लेवर पैकेट बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से 3 मोबाइल फोन और 2,420 रुपये नकद भी मिले।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पकड़े गए एक कर्मचारी ने कैफे के संचालन से जुड़े लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस अब कथित संचालकों की भूमिका की जांच कर रही है और फरार लोगों की तलाश की जा रही है।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने 29 सितंबर को उत्तर प्रदेश में हुक्का सर्विस को लेकर स्थिति स्पष्ट की थी। अदालत ने रेस्टोरेंट या कैफे में अलग स्मोकिंग जोन बनाकर भी हुक्का परोसने की दलील को स्वीकार नहीं किया था। कोर्ट ने पुलिस की कार्रवाई की शक्तियों को भी बरकरार रखा था।
कैसरबाग पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कैफे में हुक्का संचालन कितने समय से चल रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।
Also Read: लखनऊ में स्ट्रीट डॉग को गोली मारकर हत्या















