यूपीटीईटी 2026 की तारीखें घोषित, 24 नवंबर से आवेदन शुरू

यूपीटीईटी 2026

उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यूपीटीईटी 2026 का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC), प्रयागराज की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, परीक्षा अगले साल 26 और 27 फरवरी को आयोजित की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 नवंबर 2026 से शुरू होगी।

यह परीक्षा प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर शिक्षक बनने की पात्रता निर्धारित करने के लिए आयोजित की जाती है। प्राथमिक स्तर की परीक्षा कक्षा 1 से 5 तक और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने की पात्रता के लिए होगी।

24 नवंबर को जारी होगा विस्तृत विज्ञापन

आयोग के अनुसार, यूपीटीईटी 2026 का विस्तृत विज्ञापन 24 नवंबर को जारी किया जाएगा। इसी दिन से ऑनलाइन आवेदन भी शुरू होंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आयोग की ओर से निर्धारित वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रक्रिया पूरी करनी होगी। OTR पूरा होने के बाद ही परीक्षा का आवेदन फॉर्म भरा जा सकेगा।

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन से पहले विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिकाओं को ध्यान से पढ़ें। इसमें शैक्षणिक योग्यता, आवेदन शुल्क और परीक्षा से जुड़े अन्य नियमों की जानकारी दी जाएगी।

यूपीटीईटी 2026 का पूरा शेड्यूल

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन और परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण तारीखें इस प्रकार हैं:

प्रक्रियानिर्धारित तारीख
विस्तृत विज्ञापन जारी24 नवंबर 2026
ऑनलाइन आवेदन शुरू24 नवंबर 2026
आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख23 दिसंबर 2026
आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख27 दिसंबर 2026
यूपीटीईटी परीक्षा26 और 27 फरवरी 2027

कहां से कर सकेंगे आवेदन?

अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in के माध्यम से परीक्षा से संबंधित अपडेट देख सकेंगे। OTR की प्रक्रिया और उससे जुड़े निर्देश आयोग के पोर्टल uptet.upessc.org/otr/info पर उपलब्ध कराए गए हैं।

फिलहाल आयोग ने परीक्षा की तारीखों और आवेदन कार्यक्रम की जानकारी दी है। पात्रता, आवेदन शुल्क और अन्य विस्तृत शर्तों के लिए अभ्यर्थियों को 24 नवंबर को जारी होने वाले विस्तृत विज्ञापन का इंतजार करना होगा।

Also Read: यूपी में निवेशकों को बड़ी राहत, अब औद्योगिक जमीन गिरवी रखकर ले सकेंगे कर्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *