लखनऊ में पीएम मोदी का कौशल दीक्षांत समारोह आज, 52 युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। वह गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम शाम करीब 5:30 बजे प्रस्तावित है। उनके आगमन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के करीब 4,400 जवानों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है।

प्रधानमंत्री इस समारोह में कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित करेंगे। इस वर्ष औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI), नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (NSTI) और इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (IToT) के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।

सुरक्षा के लिए 4,400 पुलिसकर्मियों की तैनाती

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान और आसपास के संवेदनशील इलाकों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था में आठ पुलिस उपायुक्त, 10 अपर पुलिस उपायुक्त और 34 सहायक पुलिस आयुक्त समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

तैनाती में 114 इंस्पेक्टर, 946 सब-इंस्पेक्टर, 108 महिला सब-इंस्पेक्टर, 1,967 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल तथा 423 महिला आरक्षी शामिल हैं। इसके अलावा PAC, RRF, NSG और ATS की टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं। एंटी-ड्रोन सिस्टम, नाइट विजन टीम और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी की जाएगी।

दोपहर 12 से रात 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन

प्रधानमंत्री के आवागमन को देखते हुए लखनऊ यातायात पुलिस ने दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। अमौसी एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक प्रधानमंत्री का काफिला निर्धारित सड़क मार्ग से गुजरेगा। इस दौरान शहीद पथ, कमता, अहिमामऊ, पॉलिटेक्निक और गोमती नगर के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है।

यातायात पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि इस अवधि में शहीद पथ और कार्यक्रम स्थल के आसपास अनावश्यक आवागमन से बचें। जरूरी काम से निकल ने वाले वाहन चालक वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और पुलिस की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। दूसरे जिलों से लखनऊ आने वाले यात्रियों को भी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।

कौशल विकास से जुड़े राष्ट्रीय समारोह में शामिल होंगे प्रधानमंत्री

कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन कौशल विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पहचान देने के लिए किया जाता है। इसकी शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2021-22 में हुई थी। इस तमंचे पर ITI, NSTI और प्रशिक्षण संस्थानों के राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया जाता है।

प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सम्मान समारोह के साथ कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी संबोधन होगा। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से अमौसी एयरपोर्ट लौटेंगे और वहां से दिल्ली रवाना होंगे।

Also Read: समाजवादी अल्पसंख्यक सभा में मोहम्मद तौहीद सिद्दीकी को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *