वाराणसी के 84 गंगा घाटों पर आज शाम 5:15 बजे शुरू होगा दीपदान। गंगा आरती, 3D लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी होंगे आकर्षण, 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान।

उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में मंगलवार, 24 नवंबर को देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी के गंगा घाट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे। इस बार आयोजन को खास बनाने के लिए दीपदान के साथ 2,100 स्वदेशी ड्रोन का शो, 3D प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी की तैयारी की गई है। प्रशासन को देश-विदेश से करीब 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आयोजन को भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह कार्यक्रम में मुख्य अति के रूप में शामिल होंगे। इस बार पारंपरिक दीपदान के साथ आधुनिक तकनीक का संगम काशी के उत्सव को और खास बनाएगा।
84 घाटों पर जलेंगे 21 लाख से अधिक दीप
देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी के 84 गंगा घाटों और गंगा पार रेतीले क्षेत्र में 21 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसमें करीब 11 लाख दीप उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से और 10 लाख दीप विभिन्न समितियों तथा काशीवासियों की ओर से जलाए जाएंगे।
दीपदान का कार्यक्रम शाम 5:15 बजे से 5:45 बजे तक चलेगा। गंगा के दोनों किनारों पर एक साथ लाखों दीप जलने से पूरा घाट क्षेत्र रोशनी से भर जाएगा।
इसके अलावा शहर के प्रमुख मंदिरों, ऐतिहासिक इमारतों और सार्वजनिक स्थलों को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। घाटों पर रंगोली, फूलों की सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शाम 6 बजे से होगी गंगा आरती, 51 घाटों पर विशेष आयोजन
दीप प्रज्ज्वलन के बाद शाम 6 बजे से 7 बजे तक गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 51 घाटों पर एक साथ मां गंगा की आरती होगी। दशाश्वमेध घाट की महाआरती आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
आरती के दौरान शंखनाद, मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत से घाटों का वातावरण भक्तिमय होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने को देखते हुए प्रशासन ने घाटों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं।
चेत सिंह किले पर दिखेगा 3D प्रोजेक्शन और लेजर शो
देव दीपावली के आयोजन में इस बार तकनीक का विशेष इस्तेमाल किया जा रहा है। चेत सिंह किले की प्राचीर पर शाम 7:20 बजे से 7:45 बजे तक विशेष 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो होगा।
करीब 25 मिनट के इस कार्यक्रम में 17 मिनट की 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और आठ मिनट का लेजर शो शामिल होगा। इसके माध्यम से काशी के इतिहास, भगवान शिव और मां गंगा से जुड़ी धार्मिक कथाओं को रोशनी, संगीत और दृश्य प्रभावों के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।
रात 8 बजे 2100 ड्रोन से बनेगी भगवान शिव की आकृति
इस बार देव दीपावली का सबसे खास आकर्षण 2,100 स्वदेशी ड्रोन का शो होगा। रात 8 बजे से 8:10 बजे तक गंगा पार रेतीले क्षेत्र के ऊपर ड्रोन आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाएंगे।
इसमें भगवान शिव, शिव तांडव, माहेश्वर सूत्र, काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा काल भैरव की आकृतियां दिखाई जाएंगी। ड्रोन शो को घाटों से भी देखा जा सकेगा।
इसके बाद रात 8:30 बजे से 8:40 बजे तक ललिता घाट के सामने गंगा पार रेतीले क्षेत्र में ग्रीन हवाई आतिशबाजी होगी। इसे शिव तांडव स्तोत्र और भक्ति संगीत की धुनों के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
देव दीपावली को देखने के लिए वाराणसी में करीब 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में 25 आईपीएस अधिकारी, 50 पीपीएस अधिकारी और 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा एटीएस, क्विक रिस्पांस टीम और एंटी-ड्रोन सिस्टम को भी सक्रिय रखा जाएगा।
भीड़ को नियंत्रित करने, घाटों पर सुरक्षित आवाजाही और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
देव दीपावली को काशी की प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान माना जाता है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था। इसी विजय की खुशी में देवताओं ने काशी में दीपोत्सव मनाया था। इसी परंपरा के तहत हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर दीपदान किया जाता है।
पिछले कुछ वर्षों में देव दीपावली का आयोजन देश-विदेश के पर्यटकों के बीच भी लोकप्रिय हुआ है। इस बार करीब 15 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान वाराणसी के पर्यटन महत्व को दर्शाता है।
लाखों दीपों, गंगा आरती और आधुनिक तकनीक से होने वाले कार्यक्रमों के जरिए काशी एक बार फिर धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत करने जा रही है।
Also read: यूपी की वोटर लिस्ट में 1 लाख डुप्लीकेट नाम मिलने का सपा का दावा

