कारगिल विजय दिवस पर सीएम योगी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, बोले- यह दिन सेना के शौर्य और बलिदान का प्रतीक

कारगिल विजय दिवस 2025 के अवसर पर लखनऊ स्थित कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद जवानों को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उन्होंने शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 26 जुलाई भारत के उन वीर सपूतों को याद करने का दिन है जिन्होंने कारगिल युद्ध में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि यह दिन भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। पाकिस्तान द्वारा थोपे गए इस युद्ध का मुंहतोड़ जवाब देकर हमारे जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा की और ऑपरेशन विजय को सफलतापूर्वक पूरा किया।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि कारगिल जैसी दुर्गम और बर्फीली चोटियों पर, जहां तापमान माइनस 50 डिग्री तक पहुंच जाता है, वहां भी हमारे जवानों ने अदम्य साहस दिखाया और दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर किया। उन्होंने कहा कि उस समय पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ अमेरिका जाकर भारत पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने स्पष्ट कर दिया था कि भारत किसी भी वैश्विक ताकत के सामने नहीं झुकेगा।

कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भावुक व प्रेरणादायक बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *