चाइनीज मांझे पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन: पूरे यूपी में बैन, लखनऊ में युवक की दर्दनाक मौत के बाद सख्ती

लखनऊ। राजधानी के बाजारखाला इलाके में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर में चाइनीज मांझे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरे राज्य में चाइनीज मांझे के खिलाफ सघन छापेमारी की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को हत्या की श्रेणी में माना जाएगा। साथ ही, प्रदेश में की जा रही कार्रवाई की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा भी की जाएगी।

बुधवार को बाजारखाला क्षेत्र में पतंग की डोर युवक के गले में फंस गई, जिससे उसकी गर्दन की नस कट गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इससे पहले भी चाइनीज मांझे से जुड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में एक पतंग का तार हाईटेंशन लाइन पर गिरने से मेट्रो सेवाएं बाधित हो गई थीं और ट्रेनों को जहां का तहां रोकना पड़ा था।

गुरुवार को मुख्यमंत्री ने दोहराया कि चाइनीज मांझे का इस्तेमाल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि आम लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *