लखनऊ के नूरूल इस्लाम स्कूल में कक्षा एक के छात्र को फिनाइल पिलाने का आरोप, 48 घंटे बाद हालत स्थिर

लखनऊ के वजीरगंज क्षेत्र स्थित बारूदखाना इलाके के नूरूल इस्लाम स्कूल में कक्षा एक के छात्र अफ्फान को कथित तौर पर सहपाठी द्वारा फिनाइल पिलाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने बच्चे को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां करीब 48 घंटे इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बच्चे के पिता जुबैर, जो बाग घासी इलाके के निवासी हैं और ठेला संचालक हैं, ने आरोप लगाया कि 16 फरवरी की दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूल शिक्षक ने फोन कर उनकी पत्नी को बेटे के फिनाइल पी लेने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजनों ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया।

परिजनों के अनुसार, बच्चे ने बताया कि कक्षा में बच्चों की पानी की बोतलों के पास फिनाइल रखा हुआ था। छुट्टी के समय वह और दो अन्य छात्र कक्षा में मौजूद थे, तभी एक सहपाठी ने उसे फिनाइल पिला दिया।

जुबैर ने आरोप लगाया कि स्कूल में शिकायत करने पर प्रबंधक नावेद ने अभद्र व्यवहार किया और घटना को छिपाने का प्रयास किया। उन्होंने स्कूल के अन्य जिम्मेदार लोगों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।

वजीरगंज पुलिस ने पिता की तहरीर पर स्कूल प्रबंधक और दो अन्य के खिलाफ लापरवाही से गंभीर बीमारी फैलाने की धारा में एफआईआर दर्ज की है। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के अनुसार, मामले की जांच जारी है और संबंधित पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *