लखनऊ में गृहकर बकाया पर कार्रवाई: तीन सरकारी दफ्तर सील, करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया

लखनऊ में बकाया गृहकर की वसूली के लिए नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन सरकारी विभागों की इमारतों को सील कर दिया। सोमवार सुबह नगर निगम की टीम ने उर्दू टीचिंग एंड रिसर्च सेंटर, ट्रांसमिशन भवन और यूपीएसआईडीसी (उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम) के कार्यालयों पर सीलिंग की कार्रवाई की।

नगर निगम की जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी और राजस्व निरीक्षक अजय वर्मा के अनुसार, उर्दू टीचिंग एंड रिसर्च सेंटर पर कुल 1 करोड़ 23 लाख 93 हजार 473.92 रुपये का गृहकर बकाया है। वहीं ट्रांसमिशन भवन पर 22 लाख 22 हजार 501 रुपये और यूपीएसआईडीसी के कार्यालय पर 52 लाख 735.41 रुपये का गृहकर बकाया पाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि संबंधित विभागों को कई बार नोटिस जारी कर बकाया कर जमा करने के लिए समय दिया गया था, लेकिन भुगतान नहीं होने पर मजबूरन यह कार्रवाई करनी पड़ी।

फिलहाल तीनों इमारतों के मुख्य द्वार को सील कर दिया गया है, जबकि कर्मचारियों और आम लोगों के आवागमन के लिए छोटा गेट खुला रखा गया है। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बकाया गृहकर जमा नहीं किया गया तो छोटे गेट को भी पूरी तरह सील कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *