लखनऊ में चुंगी नहीं देने पर फायरिंग, मजदूरों को पीटा

राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में एसीपी काकोरी कार्यालय के पास रविवार दोपहर रंगदारी न देने पर दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। आरोपियों ने प्लॉट मालिक से निर्माण कार्य के बदले 30 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी और इससे पहले भी दो बार प्लॉट पर पहुंचकर हवाई फायरिंग व मजदूरों के साथ मारपीट कर चुके थे।

पीड़ित की शिकायत पर पहले कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने एक बार फिर मजदूरों को धमकाते हुए फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मजदूर जान बचाकर भागने लगे। आरोपियों ने फायरिंग के साथ ईंट-पत्थर भी बरसाए और पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पीड़ित ने बेगरिया गांव के कुछ युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।

प्लॉट मालिक फाहम जहीर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1988 में यह जमीन खरीदी थी और दो महीने पहले एलडीए से नक्शा पास कराकर निर्माण शुरू कराया था, तभी से दबंग रंगदारी मांग रहे थे। 16 जनवरी को भी आरोपियों ने रात में मजदूरों को पीटा था, जिसमें तीन लोग घायल हुए थे, लेकिन तब भी केस दर्ज नहीं हुआ। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी इलाके में लंबे समय से रंगदारी वसूलते हैं और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं, साथ ही उन्होंने इंस्पेक्टर पर संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।

डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर सत्येंद्र रावत, सौरभ रावत, विक्रांत साहू, उमेश, तीर्थराम, सुफियान, इस्लाम, सनी खान सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं, जिनमें से देर रात विक्रांत साहू और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *