लखनऊ – होटल के बाहर मामूली पूछताछ पर बेरहमी से मर्डर: प्रॉपर्टी डीलर ने महिला मित्र के साथ मिलकर कर दी हत्या

लखनऊ के चिनहट स्थित होटल ईशान इन में काम करने वाले 20 वर्षीय सर्विस बॉय दिवाकर यादव की सोमवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिवाकर ने होटल के बाहर संदिग्ध रूप से खड़े एक व्यक्ति से महज इतना पूछा था “क्यों खड़े हो?” बस यही सवाल उसकी जान ले बैठा।

आरोप है कि चिनहट निवासी प्रॉपर्टी डीलर आकाश तिवारी ने अपनी महिला मित्र पुष्पा गौतम के साथ मिलकर दिवाकर की हत्या कर दी। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह के मुताबिक, आकाश देर रात करीब डेढ़ बजे होटल के बाहर बाइक पर खड़ा था। दिवाकर ने उससे कारण पूछा, जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई। शोर सुनकर होटल स्टाफ और होटल में ठहरी पुष्पा गौतम भी बाहर आईं और खुद को आकाश की मित्र बताकर उसके साथ बाइक पर चली गईं।

करीब 10 मिनट बाद आकाश और पुष्पा वापस लौटे। आकाश ने दिवाकर को बाहर बुलाया और गोली मार दी, जो उसके गले में लगी। लहूलुहान हालत में दिवाकर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी।

होटल मालिक की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया और सर्विलांस के जरिए आरोपियों को एक अन्य होटल से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी आकाश पहले भी हत्या और बलवे जैसे मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने बताया कि दिवाकर से विवाद के बाद पुष्पा ने रास्ते में उसे बताया कि दिवाकर ने उसके साथ अभद्रता की थी। इसी पर भड़के आकाश ने वापस होटल जाकर दिवाकर की गोली मारकर हत्या कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *