बाइक सवार तीन युवकों को ट्रक ने कुचला, NH-44 पर लगा जाम; मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक।

ललितपुर: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र के एनएच-44 स्थित रोड़ा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
गुस्साए परिजनों ने NH-44 हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया-बुझाया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया और यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
Also Read: जंतर-मंतर प्रदर्शन पर बोले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, सरकार पर साधा निशाना


















