ईशापुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा; चेहरा क्षतिग्रस्त होने से शिनाख्त नहीं हो सकी, पुलिस जांच में जुटी।

संवाददाता | उपासना यादव
मलिहाबाद। लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के ईशापुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। महिला का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही मलिहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं शिनाख्त की कार्रवाई के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला ट्रेन की चपेट में कैसे आई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
Also Read: ‘PDA में P का मतलब पंडित भी है’, अखिलेश यादव का BJP पर हमला




















