धर्मांतरण मामले में आरोपी छांगुर के भतीजे सबरोज का अड्डा ढहा, प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी

अवैध धर्मांतरण के आरोपों में घिरे छांगुर उर्फ जमालुद्दीन पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। शनिवार को छांगुर के भतीजे सबरोज के ठिकानों पर बुलडोजर चला दिया गया। गैडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के रेहरा माफी गांव में सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशासन के साथ-साथ प्रवर्तन निदेशालय भी छांगुर और उसके करीबियों की गतिविधियों की जांच में जुटा है। बताया जा रहा है कि छांगुर ने देशभर में धर्मांतरण का बड़ा नेटवर्क खड़ा किया था, जिसमें तीन हजार से अधिक लोगों को शामिल किया गया था। कई मामलों का खुलासा हो चुका है, जबकि उसके संदिग्ध या प्रतिबंधित विदेशी संस्थाओं से संबंधों की भी जांच चल रही है।

सूत्रों के मुताबिक, छांगुर की पहुंच दुबई, सऊदी अरब और तुर्की तक थी, जिससे उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की आशंका और गहराई है। माना जा रहा है कि वह कुछ ऐसी संस्थाओं से जुड़ा था जो भारत में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रही हैं।

देश में छांगुर का नाम सबसे बड़े धर्मांतरण मामलों में दर्ज हो चुका है। उसके खिलाफ कई जिलों में शिकायतें मिल रही हैं। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद पीड़ितों का मनोबल बढ़ा है और छांगुर से जुड़े नए चेहरे और करतूतें उजागर हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *