दिल्ली से कैंची धाम जा रहे थे यात्री, हाफिजपुर क्षेत्र में रामपुर अंडरपास फ्लाईओवर के पास हुआ हादसा

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर बस पलटने से हादसा हो गया। बस दिल्ली से नैनीताल स्थित कैंची धाम जा रही थी। दुर्घटना में सात श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।
हादसा थाना हाफिजपुर क्षेत्र में रामपुर अंडरपास फ्लाईओवर के पास हुआ। बताया गया कि ट्रैवलर में कुल 22 यात्री सवार थे और सभी दिल्ली के रहने वाले थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चालक को नींद की झपकी आने के बाद वाहन अनियंत्रित हुआ और हाईवे पर पलट गया।
सात श्रद्धालु घायल
हादसे के बाद ट्रैवलर में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री वाहन के भीतर फंस गए। सूचना मिलने पर हाफिजपुर पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल भेजा।
घायलों में वंश तिवारी, नीरज, शालिनी, निशु उर्फ दिवास, यशिका उर्फ पीहू, रेनू मिश्रा और वीरेन कुमार तिवारी शामिल बताए गए हैं। इनमें बच्चे और बड़े दोनों हैं। सभी घायल दिल्ली के निवासी और आपस में रिश्तेदार बताए गए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर को हाईवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया। फिलहाल घटना में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।
Also read: 9 हजार एंबुलेंस कर्मचारियों की बहाली की मांग, प्रदर्शन




By










