पीएम मोदी के पिता पर टिप्पणी के विरोध में लखनऊ में BJP का मार्च, कांग्रेस से माफी की मांग

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में सोमवार को लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। हजरतगंज में लालजी टंडन की प्रतिमा से डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से माफी की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व BJP महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और जिला अध्यक्ष विजय मौर्य ने किया। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और खड़गे की तस्वीरें लेकर कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है और प्रधानमंत्री के परिवार को लेकर इस तरह की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।

पटना में दिए गए बयान को लेकर विवाद

यह विवाद रविवार को बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी से जुड़ा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक व्यक्ति की टिप्पणी के जवाब में खड़गे ने ऐसा बयान दिया, जिसे भाजपा ने प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक बताया।

इसके बाद भाजपा ने देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया और कांग्रेस अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई। भाजपा नेताओं का आरोप है कि राजनीतिक विरोध के दौरान व्यक्तिगत टिप्पणियों से सार्वजनिक संवाद की मर्यादा प्रभावित होती है।

BJP नेताओं ने राहुल गांधी और खड़गे पर साधा निशाना

लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ नारे लगाए। भाजपा नेता अमित त्रिपाठी ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए तीखी टिप्पणी की और कांग्रेस नेतृत्व से माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन में कुछ नेताओं की ओर से सख्त जवाब देने की चेतावनी भी दी गई।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री के परिवार को लेकर की गई टिप्पणी पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। वहीं, कांग्रेस की ओर से इस विवाद पर दी गई सफाई में कहा गया है कि खड़गे की टिप्पणी को उसके पूरे संदर्भ में देखा जाना चाहिए। कांग्रेस ने दावा किया कि वह भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा की आलोचना कर रहे थे।

राजनीतिक बयानबाजी के बीच माफी की मांग

इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भाजपा जहां खड़गे की टिप्पणी को अनुचित बताते हुए माफी की मांग कर रही है, वहीं कांग्रेस ने बयान के संदर्भ को लेकर अपना पक्ष रखा है।

लखनऊ में निकाला गया मार्च इसी राजनीतिक विवाद का हिस्सा रहा। आने वाले समय में इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

Also Read: राहुल गांधी के मानहानि केस में आज फैसला, लखनऊ पहुंचे कांग्रेस नेता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *