यूपी चुनाव 2027: कांग्रेस की 181 सीटों की मांग से सपा की बढ़ी मुश्किलें

यूपी चुनाव 2027

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को चुनौती देने की तैयारी कर रहे समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत का दौर शुरू होने जा रहा है। हालांकि, गठबंधन को लेकर दोनों दलों की ओर से सकारात्मक संकेत दिए जा रहे हैं, लेकिन सीटों की संख्या को लेकर सामने आ रहे दावे राजनीतिक समीकरणों को दिलचस्प बना रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में खुलासा किया था कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे का मुद्दा चर्चा में आ गया। कांग्रेस की ओर से भी 100 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी के संकेत दिए गए हैं।

प्रियंका गांधी की अगुवाई में बनी कांग्रेस की कमेटी

सीट बंटवारे पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी की अगुवाई पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी। इसमें संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद को शामिल किया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई वरिष्ठ नेताओं की बैठक में यूपी चुनाव की रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर भी चर्चा की गई। पार्टी ने दिसंबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में चुनावी अभियान शुरू करने की योजना बनाई है।

181 सीटों की मांग पर सपा की क्या है रणनीति?

अखिलेश यादव की ओर से 181 सीटों की मांग का जिक्र किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी के भीतर भी इस प्रस्ताव को लेकर सवाल उठे हैं। सपा नेताओं का मानना है कि सीटों का बंटवारा चुनावी प्रदर्शन, संबंधित क्षेत्रों में संगठन की मजबूती और उम्मीदवारों की जीत-ने की क्षमता के आधार पर होना चाहिए।

सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने भी कांग्रेस की इस मांग को अव्यावहारिक बताया था। उन्होंने संकेत दिया था कि कांग्रेस के लिए 50 से 65 सीटों का आंकड़ा अधिक उचित हो सकता है। हालांकि, सीटों के अंतिम बंटवारे पर फैसला अखिलेश यादव और पार्टी नेतृत्व को ही करना है।

2024 के लोकसभा चुनाव का प्रदर्शन भी रहेगा आधार

दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे में पिछले चुनावों का प्रदर्शन भी अहम भूमिका निभा सकता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था, जबकि कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली थी। दोनों दलों ने INDIA गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ा था।

अब विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों के सामने अपने-अपने राजनीतिक प्रभावित को बनाए रखने के साथ गठबंधन को मजबूत रखने की चुनौती है। कांग्रेस जहां प्रदेश में अपना जनाधार बढ़ाने के लिए अधिक सीटें चाहती है, वहीं सपा अपने मजबूत क्षेत्रों में पार्टी संगठन और मौजूदा विधायकों की स्थिति को ध्यान में रखकर समझौता करना चाहेगी।

क्या सीटों पर सहमति बना पाएंगे अखिलेश और कांग्रेस नेतृत्व?

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सीटों का बंटवारा दोनों दलों के लिए बड़ी राजनीतिक परीक्षा बन सकता है। कांग्रेस और सपा के बीच प्रस्तावित बातचीत में सीटों की संख्या के साथ-साथ उन विधानसभा क्षेत्रों पर भी चर्चा होने की संभावना है, जहां दोनों दल अपनी दावेदारी जता रहे हैं।

फिलहाल किसी अंतिम सीट बंटवारे की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में 17 नवंबर को प्रस्तावित बातचीत और उसके बाद दोनों दलों के रुख पर राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है। अब देखना होगा कि कांग्रेस की बड़ी दावेदारी और सपा की चुनावी रणनीति के बीच गठबंधन के लिए कोई साझा फॉर्मूला निकल पाता है या नहीं।

Also Read: लखनऊ हाईकोर्ट के गेट पर हेड कांस्टेबल के बैग से मिला तमंचा, हिरासत में लेकर पूछताछ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *