शिव बाबा धाम के पास पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में मारा गया कथित सुपारी किलर; कोतवाल समेत दो पुलिसकर्मी घायल, एक साथी फरार

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए वाहिद अंसारी का आपराधिक नेटवर्क पूर्वांचल के कई जिलों तक फैला हुआ था। पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय वाहिद के खिलाफ अलग-अलग जिलों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह कथित तौर पर सुपारी लेकर हत्या करने और अवैध हथियारों की सप्लाई करने में शामिल था।
मुठभेड़ मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में शिव बाबा धाम के पास हुई। पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वाहिद अंसारी घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल वाहिद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में कोतवाल और SWAT सिपाही घायल
पुलिस के अनुसार, संदिग्धों की फायरिंग में अकबरपुर कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी। SWAT टीम के हेड कांस्टेबल सोनू यादव भी घायल हुए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और सर्विलांस प्रभारी विनोद यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं, हालांकि वे सुरक्षित रहे।
पुलिस ने घटनास्थल से तीन .32 बोर पिस्टल, एक 9 एमएम कार्बाइन, सात .315 बोर के तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद करने की जानकारी दी है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
गोरखपुर के कैंट थाने में भी वांछित था वाहिद
वाहिद अंसारी मूल रूप से गाजीपुर जिले के बहरियाबाद का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, वह कुछ समय पहले गाजीपुर छोड़कर सुल्तानपुर में रहने लगा था। प्रेम विवाह के बाद उसने वहीं अपना ठिकाना बना लिया था।
गोरखपुर के कैंट थाने में दर्ज असलहा तस्करी से जुड़े मामले में भी उसका नाम सामने आया था। असलहा सप्लायर बिट्टू इंदौरी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में वाहिद की भूमिका की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने उसे इस मामले में आरोपी बनाया और उसकी तलाश शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, वाहिद बिट्टू इंदौरी गिरोह का सक्रिय सदस्यीय था। उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे आरोप शामिल थे।
असलहा तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसियां
गोरखपुर में बिट्टू इंदौरी की गिरफ्तारी के बाद सामने आए असलहा तस्करी नेटवर्क की जांच एसटीएफ और स्थानीय पुलिस कर रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए मध्य प्रदेश और हरियाणा से हथियार लाकर पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में सप्लाई किए जाते थे।
पुलिस के मुताबिक, वाहिद की भूमिका इस नेटवर्क में महत्वपूर्ण थी। अब उसकी मौत के बाद फरार साथी और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
अंबेडकरनगर पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी और बरामद हथियारों के स्रोत का पता लगाना जांच एजेंसियों की प्राथमिकता है।
Also Read: शाम ली में आधी रात मकान में लगी आग, मां और दो बेटियों की मौत

