देहरादून: सहस्त्रधारा में दर्दनाक हादसा, 250 मीटर गहरी खाई में गिरने से युवक की मौत

देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई। थाना राजपुर क्षेत्र के आईटी पार्क चौकी अंतर्गत सहस्त्रधारा टूरिस्ट प्लेस के पास युवक लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

दुर्गम और खतरनाक परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ टीम ने गहन सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद जवान खाई में गिरे युवक तक पहुंचे और उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। टीम ने शव को सुरक्षित बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

फिलहाल मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *