UP ATS का बड़ा खुलासा: दुबई से संचालित हो रहा आतंकी मॉड्यूल, लखनऊ में धमाके की साजिश नाकाम

उत्तर प्रदेश में आतंकी साजिश को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है, जहां उत्तर प्रदेश एटीएस की जांच में सामने आया है कि मेरठ का रहने वाला आकिब दुबई में बैठकर पूरे आतंकी मॉड्यूल को ऑपरेट कर रहा था। आकिब ने ही सोशल मीडिया के जरिए साकिब उर्फ डेविल को पाकिस्तानी हैंडलर्स से जोड़कर भारत में देशविरोधी गतिविधियों के लिए उकसाया। जांच एजेंसियों को आशंका है कि उसने देशभर में इस तरह के कई मॉड्यूल खड़े किए हैं।

एटीएस ने इस मामले में साकिब, अरबाब, गौतमबुद्धनगर के विकास उर्फ रौनक और लोकेश उर्फ पपला पंडित को गिरफ्तार किया है, जो लखनऊ रेलवे स्टेशन पर विस्फोट करने की साजिश को अंजाम देने पहुंचे थे। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के अनुसार एफआईआर में आकिब का नाम भी शामिल कर लिया गया है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आकिब लंबे समय से दुबई में रहकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में था। वहीं, उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर हथियारों के साथ तस्वीरें, जिनमें एके-47 भी शामिल है, मिलने के बाद ही एजेंसियों को शक हुआ और जांच आगे बढ़ी। सूत्रों के मुताबिक आकिब को भारत में आतंकी मॉड्यूल तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से एटीएस को पांच दिन की रिमांड मिली है। अब पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित साजिशों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *