लखनऊ में भारत टैक्सी के शुभारंभ कार्यक्रम में डिप्टी CM ने युवाओं को स्वरोजगार और ड्राइवर-ओनर मॉडल अपनाने की बात कही; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का लखनऊ में ‘भारत टैक्सी’ सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान दिया गया बयान चर्चा में है। 23 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से पारंपरिक नौकरी के विकल्प के तौर पर अपना वाहन चलाकर स्वरोजगार और कमाई करने की बात कही। उनके संबोधन का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को केवल नौकरी के पीछे नहीं भागना चाहिए। उन्होंने भारत टैक्सी के ड्राइवर-ओनर मॉडल का उदाहरण देते हुए कुछ घंटे टैक्सी चलाकर कमाई करने और बाकी समय परिवार के साथ बिताने की बात कही। उनके बयान का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर ‘नौकरी के चक्कर में मत पड़ो, टैक्सी चलाओ’ के तौर पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
भारत टैक्सी के संदर्भ में दिया था बयान
यह बयान भारत टैक्सी सेवा के लॉन्च कार्यक्रम के दौरान आया था। केंद्र सरकार के अनुसार, भारत टैक्सी सहकारी मॉडल पर आधारित सेवा है, जिसमें ड्राइवरों को सेवा से होने वाली आय में हिस्सेदारी और स्वामित्व की भूमिका दी जाती है। उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत कई शहरों में इसका संचालन शुरू किया गया है।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, भारत टैक्सी से जुड़ने वाले दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों के लिए जीरो-कमीशन मॉडल और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधान भी रखे गए हैं। लखनऊ के साथ गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज में भी सेवा शुरू की गई है।
बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
ब्रजेश पाठक के बयान के वीडियो पर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने इसे युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने वाला संदेश बताया, जबकि कुछ राजनीतिक प्रतिक्रियाओं में इसे नौकरी और रोजगार के मुद्दे से जोड़कर सवाल उठाए गए हैं। समाजवादी पार्टी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने भी सोशल मीडिया पर पाठक के बयान पर प्रतिक्रिया दी।
Also Read: रुद्रप्रयाग में सिरोबगड़ के पास बद्रीनाथ हाईवे पर गिर रहा मलबा-पत्थर





By









