शारजाह से आए यात्री के पास से सीमा शुल्क विभाग ने करीब 70.81 लाख रुपये का सोना बरामद किया। संदेह होने पर तलाशी ली गई, यात्री से पूछताछ जारी है।

लखनऊ: चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग ने सोने की तस्करी के संदेह में एक यात्री को पकड़ा है। यात्री के पास से 472.100 ग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत 70 लाख 81 हजार 500 रुपये बताई गई है। सोने को अंडरवियर की कमरबंद में कई पाउच के भीतर छिपाकर रखा गया था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बिहार के गोपालगंज निवासी केदार महतो शारजाह से इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-1424 से लखनऊ पहुंचे थे। विमान सुबह करीब 7:20 बजे एयरपोर्ट पर उतरा। जांच के दौरान अधिकारियों को यात्री की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसकी गहन तलाशी ली गई।
तलाशी में अंडरवियर की कमरबंद में छिपाकर रखे गए पाउच से सोना बरामद हुआ। सीमा शुल्क विभाग ने सोने को जब्त कर यात्री को हिरासत में लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि सोना पेस्ट के रूप में छिपाया गया था। बरामदगी के बाद इसे सीमा शुल्क कानून के तहत जब्त किया गया है। मामले में किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
Also Read: मेरठ के नीला ड्रम केस में मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा
