• Home
  • उत्तर प्रदेश
  • शामली में हरियाणवी कलाकार की हत्या, जिम से निकलते ही बरसीं गोलियां

शामली में हरियाणवी कलाकार की हत्या, जिम से निकलते ही बरसीं गोलियां

कार में बैठते वक्त बाइक सवार हमलावरों ने किया हमला, पांच गोलियां लगने से मौत; वारदात के बाद इलाके में तनाव

शामली। उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और अभिनेता अंकित बालियान की बुधवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। शहर के आर्यपुरी नाला पटरी इलाके में जिम से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों की संख्या चार थी। शुरुआती जांच में अंकित के शरीर पर पांच गोलियां लगने की बात सामने आई है।

अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे और पिछले कुछ समय से परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। वह हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सिंगर और अभिनेता के तौर पर सक्रिय थे। इसके अलावा वह जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे और वार्ड तीन से संभावित प्रत्याशी के तौर पर उनके पोस्टर लगाए गए थे।

जिम में फोन पर हुई थी कहासुनी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ समय पहले अंकित जिम में थे। इसी दौरान उनके पास एक फोन कॉल आई, जिस पर कथित तौर पर उनकी तीखी बहस हुई। इसके बाद वह जिम से बाहर निकले और अपनी स्कॉर्पियो में बैठने लगे।

इसी दौरान बाइक से पहुंचे हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने गाड़ी का दरवाजा खोलकर अंकित पर पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। कई गोलियां उनके शरीर में लगीं, जबकि कुछ कार के शीशे पर भी लगीं। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।

20 से ज्यादा राउंड फायरिंग का दावा

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने बड़ी संख्या में गोलियां चलाईं। करीब 20 से अधिक राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। गोली लगने के बाद अंकित जमीन पर गिर गए।

परिचित उन्हें तत्काल शामली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

हत्या के बाद सड़क पर उतरे परिजन और ग्रामीण

वारदात की खबर फैलते ही अंकित के गांव और परिवार के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताया और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।

अंकित की मां बेटे का सिर गोद में रखकर बैठ गईं। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की। ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई।

एसपी एनपी सिंह और एएसपी सुमित शुक्ला समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। कई घंटे चले हंगामे के बाद रात करीब 12 बजे जाम समाप्त कराया जा सका।

परिवार में सेना से रिटायर्ड पिता, पत्नी शिक्षिका

अंकित के पिता सत्यवीर सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में गांव में खेती करते हैं। अंकित की पत्नी ज्योति शिक्षिका हैं। बताया गया है कि दोनों ने करीब चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। अंकित कुछ समय तक पत्नी के साथ दिल्ली के खजूरी खास इलाके में भी रहे थे।

हरियाणवी म्यूजिक में बनाई थी पहचान

अंकित ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में गायन और अभिनय के जरिए अपनी पहचान बनाई थी। उनका गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान…’ काफी चर्चित हुआ था। इसके बाद उन्होंने कई अन्य गानों और म्यूजिक वीडियो में भी काम किया।

फिलहाल हत्या की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। जिम में हुई कथित फोन पर कहासुनी और उसके बाद हुए हमले को जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ वारदात के पीछे की वजह पता करने में जुटी है।

हत्या पर सियासत भी तेज

अंकित बालियान की हत्या के बाद इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घटना को लेकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Also Read: ई-रिक्शों की बढ़ती संख्या पर लखनऊ हाईकोर्ट सख्त

Related Posts

महोबा में घर में घुसकर परिवार पर हमला, सास-दामाद गंभीर

चरखारी के बम्हौरी कलां गांव में करीब दो दर्जन लोगों पर लाठी-डंडे, रॉड और कुल्हाड़ी से हमला करने…

ByByCrime Desk Sep 14, 2026

सीतापुर हाईवे पर ग्रामीणों का विरोध, रेलिंग लगाने से बढ़ी परेशानी

रामपुर बेहड़ा और सरैया के ग्रामीण बोले- हाईवे पार करने में हो रही दिक्कत, डिवाइडर पर रेलिंग लगाने…

ByBySuramya Post Sep 14, 2026

लखनऊ में बिजली बिल वसूली अभियान, रेजीडेन्सी उपकेंद्र से राजस्व टीम रवाना

उपभोक्ताओं को बकाया बिल की जानकारी देकर समय से भुगतान के लिए किया जाएगा जागरूक, बिजली व्यवस्था मजबूत…

ByBySuramya Post Sep 14, 2026

मड़ियांव में शराब ठेके पर बुजुर्ग पर चाकू से हमला, मचा हड़कंप

लखनऊ में ठेके के पास सरेराह चाकूबाजी से दहशत, खुले में शराबखोरी को लेकर भी उठ रहे सवाल…

ByByCrime Desk Sep 12, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top