गोंडा में भीषण सड़क हादसा: बस-कार की टक्कर में मां-बेटे सहित तीन की मौत, तीन गंभीर, शादी से लौट रहे थे घर

यूपी के गोंडा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वजीरगंज थाना क्षेत्र के अनभुला गांव के पास गोंडा-अयोध्या हाईवे पर बस और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में मां-बेटे सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अक्षत (26), आशु (22) और अक्षत की मां नीता अग्रवाल (58) को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, शहर के आवास विकास कॉलोनी निवासी नितिन गोयल की 4 दिसंबर को शादी थी। बेंगलुरु से आए रिश्तेदार शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस जा रहे थे। रविवार सुबह नितिन खुद कार से उन्हें अयोध्या एयरपोर्ट छोड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस से उनकी कार टकरा गई, जिसमें कार के सभी छह सवार घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *