बलिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार हाइवा ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर

हादसा

उत्तर प्रदेश के बलिया में निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा ने टेंट का सामान लेकर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंट कारोबारी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसा फेफना थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के पास पशुपति बाबा स्थान के नजदीक हुआ। मृतकों की पहचान बैरिया क्षेत्र के दोकटी थाना अंतर्गत बाबू के शिवपुर, लालगंज निवासी टेंट कारोबारी रामकुमार पांडेय (42) और मजदूर निर्मल वर्मा (40) के रूप में हुई है। घायल युवक अमर चौधरी (25) को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

तिलक समारोह से टेंट का सामान लेकर लौट रहे थे

जानकारी के मुताबिक, रामकुमार पांडेय अपने मजदूरों के साथ एक तिलक समारोह में टेंट लगाने गए थे। वहां पिछले चार दिनों से टेंट लगाने का काम चल रहा था। रविवार रात समारोह का काम पूरा होने के बाद सभी लोग टेंट का सामान दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लादकर घर लौट रहे थे।

मुबारकपुर गांव के सामने पशुपति बाबा गुफा के पास आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को कुछ देर के लिए रोका गया था। उसमें सवार लोग लघुशंका के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से बिहार की ओर जा रहे तेज रफ्तार हाइवा ने दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में रामकुमार पांडेय और निर्मल वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमर चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। आगे चल रहे ट्रैक्टर पर सवार अकबर खान और छोटू पांडेय सुरक्षित बच गए।

पुलिस ने चालक और खलासी को हिरासत में लिया

हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और उपनिरीक्षक शंकर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया और दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फेफना थाना प्रभारी मनोज पांडेय के अनुसार, हाइवा डंपर ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मारी थी। पुलिस ने हाइवा चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया है। दोनों वाहनों को भी कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मृतक के परिवार में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। रामकुमार पांडेय की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार के कुछ सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

Also Read: लखनऊ समेत यूपी के 5 शहरों में महंगी हुई CNG-PNG, जानें अब कितने चुकाने होंगे रुपये

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *