यूपी बीजेपी अध्यक्ष ने लखनऊ के फैजुल्लागंज में मतदाता जोड़ो अभियान के दौरान सपा प्रमुख पर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पात्र लोगों के नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने की अपील की।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर ‘राधे-राधे’ अभिवादन को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ब्रज की पा-वन भूमि पर राधे-राधे कहना हमारी आस्था और संस्कृति का स्वाभाविक हिस्सा है। इस संबोधन पर सवाल उठाना समझ से परे है।
पंकज चौधरी रविवार को लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के फैजुल्लागंज में आयोजित बीजेपी के ‘मतदाता जोड़ो अभियान’ के तहत लोगों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक अभिवादन को लेकर अखिलेश यादव की कथित आपत्ति पर पलटवार किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम शामिल कराने के लिए घर-घर पहुंचने की अपील की।
‘राधे-राधे’ बयान पर अखिलेश यादव को घेरा
पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी सनातन धर्म को मानने वाली पार्टी है और ब्रज क्षेत्र में राधे-राधे कहना वहां की धार्मिक परंपरा और संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस अभिवादन से किसी को आपत्ति क्यों होनी चाहिए।
उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल बनना शुरू हो गया है। धार्मिक नारों और सांस्कृतिक मुद्दों को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी भी सामने आ रही है।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए घर-घर जाएंगे बीजेपी कार्यकर्ता
फैजुल्लागंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पंकज चौधरी ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान पर भी जोर दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र पर जाकर वोटर लिस्ट में अपना नाम जरूर जांचें। यदि किसी का नाम सूची से छूट गया है या उसमें कोई गलती है तो निर्धारित समय के भीतर उसे ठीक कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान सबसे बड़ी ताकत है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करना चाहिए और नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने में मदद करनी चाहिए।
22 से 24 नवंबर तक बीजेपी का विशेष अभियान
बीजेपी ने मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने और गलतियों को ठीक कराने के लिए 22, 23 और 24 नवंबर को तीन दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है। इस दौरान विधायक, प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी, मंडल टीमें तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ता सक्रिय रूप से अभियान में हिस्सा ले रहे हैं।
पार्टी का फोकस ऐसे पात्र नागरिकों पर है, जिनका नाम किसी वजह से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर लोगों को पंजीकरण की प्रक्रिया समझाने और आवेदन में मदद करने की जिम्मेदारी दी गई है।
2027 चुनाव से पहले वोटर लिस्ट पर राजनीतिक दलों की नजर
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण राजनीतिक दलों के लिए अहम हो गया है। नए मतदाताओं को जोड़ने और सूची में मौजूद त्रुटियों को ठीक कराने पर सभी दलों का ध्यान है।
निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) 2027 के तहत 17 नवंबर से 17 दिसंबर तक निर्धारित अवधि में आवेदन किए जा सकते हैं। नए मतदाता के रूप में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 और मतदाता सूची में आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
लखनऊ में भी इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। ऐसे में आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का मुद्दा प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
Also read: बलिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार हाइवा ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर

