यूपी में 13.58 करोड़ मतदाताओं की ड्राफ्ट लिस्ट जारी, 18.84 लाख नाम बढ़े

ड्राफ्ट लिस्ट

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार, 17 नवंबर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) के तहत प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी। इस सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज हैं। अप्रैल 2026 में प्रकाशित पिछली अंतिम सूची के मुकाबले मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 की शुद्ध बढ़ोतरी हुई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ के लोकभवन में जानकारी देते हुए बताया कि नई सूची में पुरुषों की संख्या 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 और महिलाओं की संख्या 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 है। इसके अलावा 4,042 थर्ड जेंडर मतदाता भी सूची में शामिल हैं। 18 से 19 वर्ष की उम्र वाले 11 लाख 83 हजार 352 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।

महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी

अप्रैल में प्रकाशित मतदाता सूची से तुलना करेंगे तो इस बार महिला मतदाताओं की संख्या में 10 लाख 96 हजार 828 की वृद्धि हुई है। वहीं पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 लाख 87 हजार 449 बढ़ी है। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी दर्ज की गई है।

मतदाता सूची में प्रति एक हजार पुरुषों पर महिलाओं का अनुपात भी 834 से बढ़कर 840 हो गया है। हालांकि, 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या में कमी सामने आई है। अप्रैल की सूची में इस आयु वर्ग के 17 लाख 63 हजार 360 मतदाता थे, जबकि नई ड्राफ्ट सूची में यह संख्या घटकर 11 लाख 83 हजार 352 रह गई है।

16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे मतदाता

ड्राफ्ट सूची जारी होने के साथ ही नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार कराने के लिए दावे और आपत्तियां लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी।

मतदाता अपनी जरूरत के अनुसार अलग-अलग फॉर्म भर सकते हैं:

  • फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए।
  • फॉर्म-7: किसी नाम को हटाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए।
  • फॉर्म-8: नाम, पता, उम्र, फोटो या अन्य विवरण में सुधार कराने के लिए।

जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 के जरिए नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, सूची में किसी तरह की गलती होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है।

नवंबर में चार दिन लगेंगे विशेष कैंप

मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रदेश के सभी 1,73,730 मतदान केंद्रों पर चार विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। ये कैंप 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगे।

इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। उनके पास ड्राफ्ट मतदाता सूची और आवेदन फॉर्म उपलब्ध रहेंगे। मतदाता मौके पर ही अपना नाम और अन्य जानकारियां जांच सकेंगे तथा जरूरत पड़ने पर आवेदन भी कर सकेंगे।

नया नाम जुड़वाने के इच्छुक लोगों को पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और जन्मतिथि व निवास से जुड़े वैध दस्तावेज साथ रखने होंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, आधार कार्ड भी स्वीकार किए जाने वाले दस्तावेजों में शामिल है।

4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तारीख 28 दिसंबर 2026 रखी गई है। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस पुनरीक्षण में 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि माना गया है। यानी इस तारीख तक 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

घर बैठे भी जांच सकते हैं अपना नाम

मतदाता अपना नाम और विवरण मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर जाकर जांच सकते हैं। वेबसाइट के ‘Voter Services’ सेक्शन में EPIC नंबर, पंजीकृत मोबाइल नंबर या व्यक्तिगत जानकारी के जरिए नाम खोजने की सुविधा उपलब्ध है।

ध्यान रखें कि केवल वोटर आईडी कार्ड होना इस बात की गारंटी नहीं है कि आपका नाम मौजूदा मतदाता सूची में भी दर्ज है। इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपना और परिवार के अन्य पात्र सदस्यों का नाम ड्राफ्ट सूची में जरूर जांच लें। अगर नाम गायब है या विवरण में गलती है, तो 16 दिसंबर से पहले संबंधित फॉर्म के जरिए आवेदन करना जरूरी होगा।

Also Read: यूपी पंचायत चुनाव छह महीने और टल ने के आसार, योगी कैबिनेट में अध्यादेश पर आज फैसला संभव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *