औरैया में छात्रों का विरोध मार्च, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतरे, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

औरैया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध की गूंज अब उत्तर प्रदेश के औरैया में भी सुनाई दी। छात्र हित संगठन के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी छात्र शहीद पार्क से सुभाष चौराहा तक शांतिपूर्ण मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

छात्र हित संगठन के संरक्षक गौरव मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में छात्रों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेगा।

गौरव मिश्रा ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा कथित रूप से बल प्रयोग किया गया, जिसमें कई छात्र-छात्राएं घायल हुए। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की ओर से पूरे मार्च पर निगरानी रखी गई और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Also Read: 26 दिन बाद समाप्त हुआ सोनम वांगचुक का अनशन, सरकार से आश्वासन मिलने के बाद लिया फैसला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *