• Home
  • उत्तर प्रदेश
  • फोन पर मिली धमकी से खुला 27 दिन पुरानी हत्या का राज, प्रेमिका की हत्या में पति गिरफ्तार

फोन पर मिली धमकी से खुला 27 दिन पुरानी हत्या का राज, प्रेमिका की हत्या में पति गिरफ्तार

नोएडा के मामूरा में महिला की गला दबाकर हत्या के बाद शव नहर में फेंका गया था। पत्नी को धमकी देने के बाद पुलिस तक पहुंची बात, जांच में आरोपी और उसके दो सहयोगियों का खुलासा हुआ।

नोएडा | नोएडा के सेक्टर-66 मामूरा में 27 जुलाई को हुई महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 27 दिन बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या उसके साथ रहने वाले सुभाष चंद्र ने की थी। हत्या के बाद शव को दादरी के पास कोट नहर में फेंक दिया गया था। बाद में शव मथुरा में बरामद हुआ।

मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुभाष चंद्र के साथ उसके चचेरे भाई सर्वेंद्र और बहनोई के भाई नीरज को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा आरोपी की पहली पत्नी की शिकायत के बाद हुआ।

पत्नी को फोन पर दी धमकी

पुलिस के मुताबिक सुभाष की शादी 2013 में कांति देवी से हुई थी। शादी के करीब दो साल बाद वह पत्नी को छोड़कर दूसरी महिला के साथ रहने लगा। बताया गया कि वर्ष 2021 में पहली पत्नी ने वकील के जरिए तलाक से जुड़े दस्तावेज तैयार कराए और एटा कोर्ट में केस दाखिल किया था।

घटना के बाद सुभाष ने अपनी पत्नी को फोन किया। उसने पहले साथ रहने की बात कही और तलाक का मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। इसके बाद उसने धमकी दी कि अगर वह साथ नहीं आई तो उसका भी वही हाल कर दिया जाएगा। इसके बाद कांति देवी ने 20 अगस्त को फेज-3 थाने में शिकायत दर्ज कराई और दूसरी महिला की हत्या की आशंका जताई।

मथुरा में मिला था महिला का शव

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि जिस महिला की हत्या हुई थी, उसका शव 31 जुलाई को मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में जरारा और रसिकंदरपुर गांव के पास नहर से मिला था। उस समय शव की पहचान नहीं हो सकी थी और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी थी।

पहली पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ में आरोपी तक पहुंचने के बाद हत्या और शव को ठिकाने लगाने की पूरी कड़ी सामने आई।

साथ रहने वाली महिला पर था शक

पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय सुभाष को अपनी साथ रहने वाली महिला के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान सुभाष ने महिला का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद उसने अपने चचेरे भाई सर्वेंद्र और जीजा के भाई नीरज को फोन करके बुलाया। दोनों भी मामूरा में रह रहे थे। सुभाष वहां पिकअप वाहन चलाने का काम करता था।

बाइक से शव ले जाकर पिकअप में रखा

पुलिस के मुताबिक, सुभाष ने अपना पिकअप वाहन मिठाई की दुकान के पास खड़ा कर दिया था। इसके बाद रात में तीनों महिला के शव को बाइक पर बीच में इस तरह बैठाकर ले गए कि राह चलते लोगों को वह बीमार दिखाई दे।

बाद में शव को पिकअप में रखा गया और तीनों उसे दादरी के पास कोट नहर में फेंक आए। पुलिस के अनुसार, घटना के अगले ही दिन सुभाष ने अपना किराए का कमरा खाली कर दिया और फिरोजाबाद चला गया था।

पुलिस ने हत्या के साथ-साथ शव को ठिकाने लगाने में मदद करने के आरोप में सुभाष के दोनों सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया है।

Also Read: फर्जी ITC नेटवर्क पर ED की नजर, यूपी-हरियाणा में 9 ठिकानों पर छापेमारी

Related Posts

पूजा घी पर रोक से व्यापारियों की बढ़ी चिंता

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने नई पैकेजिंग तैयार करने और मौजूदा स्टॉक के निस्तारण के लिए मोहलत…

ByBySuramya Post Oct 12, 2026

लखनऊ से रियाद जाने वाली उड़ान जेद्दा डायवर्ट

रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमलों के बाद हवाई सेवाएं प्रभावित हैं। लखनऊ से रोजाना रियाद…

ByBySuramya Post Oct 12, 2026

यूपी के 60 हजार ग्राम प्रहरियों का बढ़ सकता है मानदेय

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 अक्टूबर को बरेली में ग्राम प्रहरियों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा कर सकते…

ByBySuramya Post Oct 12, 2026

शिक्षकों के तबादले पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, परिवार से दूरी अकेला आधार नहीं

यूपी की महिला बेसिक शिक्षिका की याचिका पर सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top